April 13, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
सूरज की तेज तपिश से हर कोई अब परेशान होने लगा है। प्रदेश में कानपुर व हमीरपुर सबसे गर्म शहर दर्ज किए गए। बीते 24 घंटे के दौरान 3.2 डिग्री तापमान बढ़कर तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा 17.6 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। रात के तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी। इससे पहले शुक्रवार को भी कानपुर प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा था।
मौसम विभाग के मुताबिक आज पश्चिमी यूपी में लू चलेगी जबकि कानपुर समेत पूर्वी यूपी में तेज हवाएं चल सकती हैं। रविवार को 4.4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। कानपुर समेत आसपास के जिलों में ऊंचे बादल छा सकते हैं। लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि इस गर्मी की प्रमुख वजह है उत्तर मध्य अरब सागर पर बना एंटीसाइक्लोन सिस्टम, जो पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से गर्म और शुष्क हवाएं राजस्थान और गुजरात की ओर भेज रहा है।
ये हवाएं पाकिस्तान के बलूचिस्तान और दक्षिण सिंध क्षेत्र से आ रही हैं, जिससे इन इलाकों में तेज गर्मी महसूस की जा रही है। कानपुर मंडल में भी तेज हवाओं के साथ तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ेंगे।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, भीषण गर्मी का दौर 7 या 8 अप्रैल तक बना रह सकता है। प्रदेश में कई शहरों में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है। हीटस्ट्रोक और सनस्ट्रोक जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के खतरा खासकर दोपहर के समय बढ़ सकता है।
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि गर्मी से बचा जा सके। सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें। खूब पानी पिएं और हल्के व ढीले कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय टोपी, चश्मा या छाता जरूर इस्तेमाल करें। घबराहट, उल्टी, अत्यधिक पसीना या चक्कर जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।