March 5, 2026

संवाददाता

कानपुर।  रेउना थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर झवैया निवासी महेश कुशवाहा पुत्र स्व. भग्गीलाल कुशवाहा ने ब्लेड से गला काटकर आत्महत्या कर ली। परिजन उन्हें गंभीर अवस्था में उपचार के लिए सीएचसी गजनेर ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार महेश कुशवाहा मानसिक रोग से पीड़ित थे और पिछले करीब पांच वर्षों से जे.एस. चौहान अस्पताल, नौबस्ता कानपुर नगर से उनका इलाज चल रहा था। वह अपने पुत्र वीरभान और बहू प्रतिमा के साथ रहते थे, एक अलग कमरे में उनका निवास था।
शनिवार सुबह लगभग 10 बजे मृतक के पुत्र वीरभान अपनी बीज भंडार की दुकान चले गए थे और बहू घरेलू काम में व्यस्त थी। इसी दौरान दोपहर में महेश कुशवाहा ने अपने कमरे में यह कदम उठा लिया और ब्लेड से अपना गला काट लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। शव का पोस्टमार्टम थाना गजनेर, कानपुर देहात पुलिस द्वारा कराया जा रहा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार ही भावी कार्रवाई करेगी।