February 5, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
घाटमपुर तहसील स्थित पतारा ब्लॉक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। इस समस्या को लेकर वहाँ के कर्मचारियों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
ब्लॉक के आजीविका मिशन के प्रबंधक शाहिद खान के साथ विजया सिन्हा, अभय वर्मा और कंप्यूटर ऑपरेटर निरूपम ने बीडीओ यशवीर सिंह से मुलाकात कर उन्हें अपनी व साथियों की व्यथा बताई। 

कर्मचारियों के अनुसार, योजना के कुछ बिंदुओं पर प्रगति कम होने के कारण तीन महीने पहले उनका वेतन रोक दिया गया था। हालांकि, इस दौरान उन्होंने कार्य की  प्रगति में सुधार किया, फिर भी उन्हें वेतन नहीं मिला है।
अल्प वेतनभोगी होने के कारण इन कर्मचारियों के परिवार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। वेतन न मिलने से उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी कठिनाई आ रही है। कर्मचारियों ने बीडीओ से जल्द से जल्द वेतन बहाली की मांग की है।