—मायके वालों ने लगाया का हत्या का आरोप।

संवाददाता
कानपुर। एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए पति और सास, ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है। लड़की के पिता का दावा है कि दामाद ने वीडियो कॉल करके कहा कि बेटी को मारकर लटका दिया है। बचा सको तो आओ बचा लो।
घटना कल्याणपुर थाना के बारा सिरोही की है। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद मायके वालों ने शव अशोक वाटिका चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया। आरोपी ससुराल वाले फरार है। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर मामला शांत कराया है।
मसवानपुर शिवनगर निवासी राम प्रसाद तिवारी ने बताया कि मेरी बेटी दिशा तिवारी उर्फ पूजा की शादी 27 फरवरी 2024 को बारा सिरोही निवासी हिमांशु पांडेय के साथ हुई थी। ये अरेंज मैरिज थी। दोनों का 6 माह का बेटा वेदांश है। शादी के बाद से ही पति हिमांशु, सास आशा पांडेय, ससुर शिव मोहन, देवर ऋषभ समेत अन्य लोग दहेज में 3 तोले की चेन और 3 लाख कैश की डिमांड करने लगे। मांग पूरी न करने पर बेटी को आए दिन प्रताड़ित करते।
राम प्रसाद ने कहा कि ससुराल वाले बेटी को परेशान करने लगे तो किसी तरह हमने 2 लाख रुपए का इंतजाम कर उन्हें दिए। लेकिन, इसके बावजूद आरोपी ससुराल वाले बेटी को प्रताड़ित करते रहे। ससुर और देवर बेटी पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाते थे।
बेटी ने शिकायत की, तो मामा पुत्तन अग्निहोत्री ने जबरन समझौता करा दिया। राम प्रसाद ने बताया कि दामाद हिमांशु ने बेटी के मोबाइल से मुझे वीडियो कॉल कर कहा कि तुम्हारी बेटी को मार कर लटका दिया है। बचा सकते हो तो बचा लो।
राम प्रसाद ने मामले की सूचना पुलिस को दी और परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन, तब तक ससुराल वाले मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
कल्याणपुर इंस्पेक्टर अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कार्रवाई की जा रही है।






