
संवाददाता
कानपुर। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है।
महिला का कहना है- मैंने लव मैरिज की थी। अब ससुराल वाले 10 लाख रुपए मांग रहे है ।
महिला ने कहा- रुपए न लाने पर मेरे साथ मारपीट करते हैं। मेरे ससुर ने कमरे में घुसकर जबरन मेरे साथ संबंध बनाने की कोशिश की। पति शराब पीकर आता है। इसके बाद मुझे अश्लील वीडियो दिखाकर अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए कहता है। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। पूरा मामला पनकी थाना क्षेत्र का है।
रतनपुर की रहने वाली महिला ने पुलिस आयुक्त को एक शिकायत पत्र दिया। इसमें महिला ने कहा- मैंने होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया है। नौकरी के दौरान मध्य प्रदेश के जबलपुर में मेरी मुलाकात एक युवक से हुई थी। बातचीत के बाद हम दोनों को प्यार हो गया। 24 अप्रैल 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से हमने विवाह कर लिया।
महिला ने कहा- शादी और तिलक की रस्म एक ही दिन हुई थी, जिसमें मेरे परिवार ने करीब 12 लाख रुपए खर्च किए। साथ ही नकद 5 लाख रुपए, सोने के गहने और घरेलू सामान भी दिया।
महिला ने कहा- शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने 10 लाख रुपए लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। रुपये न लाने पर मेरे साथ मारपीट करने लगे। मेरा पति शराब पीकर आने लगा।
वह मुझे अश्लील वीडियो दिखाकर अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए कहता। मेरे ससुर ने कमरे में घुसकर जबरन संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर मुझे घर से निकाल दिया।
पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया- मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






