
संवाददाता
कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र में एक वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पिता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि नशे की हालत में पिता ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और बाद में गुस्से में आकर मासूम बच्ची को ठंडे पानी से भरे टब में डुबो दिया।
इससे बच्ची की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक बच्ची के ननिहाल पक्ष के लोग शव लेकर बेटी के ससुराल पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पीड़िता मां की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ मारपीट, उत्पीड़न और गैर इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिये कई टीमें लगाई गई है।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश में कई टीमें लगी है। आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया जाएगा।






