March 12, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
चौबेपुर क्षेत्र में सिंचाई के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना चंद्रिका गांव में हुई, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। चौबेपुर पुलिस ने घायलों को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चंद्रिका गांव निवासी अजय सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने धान के खेत में सिंचाई कर रहे थे। तभी गांव के भोलू पुत्र घनश्याम ने आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर भोलू ने लाठी-डंडों से हमला करके अजय को घायल कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के खेतों में मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया।
वहीं, दूसरे पक्ष के भोलू ने भी अजय सिंह पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
चौबेपुर थानाध्यक्ष आशीष कुमार चौबे ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। दोनों घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।