
संवाददाता
कानपुर। बीते सात दिनों के भीतर तीन शव मिले है। आशंका जताई जा रही है कि इन सभी की मौते अत्यधिक ठंड के कारण हुई है। गुरुवार को रामादेवी और जाजमऊ फ्लाईओवर के नीचे से दो शव बरामद किए गए, जबकि एक शव 1 जनवरी को मिला था।
गुरुवार सुबह रामादेवी फ्लाईओवर के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है और उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने पुष्टि की कि शव की पहचान की जा रही है।
इसी दिन जाजमऊ फ्लाईओवर के नीचे एक और शव मिला। जाजमऊ पुलिस ने मृतक की पहचान सलमान के रूप में की है। थाना प्रभारी ने बताया कि सलमान मक्कू शहीद के भट्ठे का निवासी था और माता-पिता की मृत्यु के बाद फ्लाईओवर के नीचे रहने लगा था। वह नशे का आदी भी था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले, 1 जनवरी की सुबह जाजमऊ थाना क्षेत्र में ठंड की चपेट में आए एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने उसके शव का अंतिम संस्कार लावारिस मानकर करवाया था।
कानपुर शहर में इस समय शिमला से भी अधिक ठंड पड़ रही है, लेकिन नगर निगम के अलाव संबंधी दावे विफल साबित हो रहे हैं। शहर के अलाव बिंदुओं पर पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण बेसहारा लोग ठंड का शिकार हो रहे हैं। इन तीन मौतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी अपनी जवाबदेही से बचते नजर आ रहे हैं।






