
संवाददाता
कानपुर। मझावन सीएचसी परिसर में चोरों ने लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। दीवार फांदकर घुसे चोरों ने बंद सरकारी आवासों के ताले तोड़कर लैपटॉप, इन्वर्टर, नगदी और जेवरात चुरा लिए। वापस घर लौटे परिवारों ने कमरों के टूटे ताले देखकर पुलिस को सूचना दी।
बिधनू थाना क्षेत्र के मझावन सीएचसी परिसर में स्थित छह सरकारी आवासों में देर रात चोरों ने दीवार फांदकर प्रवेश किया। उन्होंने ताले-कुंडी काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सीएचओ अब्दुल मद्दान के घर से पचास हजार रुपये नगद, सोने के जेवरात, कान की बाली, हार, इन्वर्टर बैटरी और प्रिंटर चोरी हुए हैं। अब्दुल अपनी बहन के यहां हरदोई गए थे।
बगल में रहने वाली स्टाफ नर्स अंजू और नीतू वर्मा औरैया गई थीं। उनके घर से दस हजार रुपये नगद और एक लैपटॉप चोरी हुआ है। इसके अलावा टीबी सुपरवाइजर प्रिंस, यूनिसेफ मॉनिटर सूर्यपाल यादव और लैब टेक्नीशियन पवन के घरों में भी चोरी हुई है। सभी कर्मचारी रक्षाबंधन की छुट्टी पर घर गए थे।
बिधनू थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। चोरों ने अपने फिंगरप्रिंट छुपाने के लिए गेट के कुंडों पर पन्नी लगाई थी। चोर यहां से नगदी समेत लाखों रुपये के जेवरात चुरा ले गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






