September 17, 2024
कानपुर। शहर निर्माण में प्रमुख सहयोग करने वाले नगर निगम विभाग में इस समय लगभग हर जोन में अभियंताओं की भारी कमी  दिखायी दे रही है। अभियंताओं की कमी से नगर निगम की ओर से कराए जाने वाले विकास कार्यों में आ रही बाधा पैदा हो रही है जिसको देखते हुए विभाग के अधिकारियों के साथ ही पार्षदों ने भी चिन्ता जतायी है। नगर निगम विभाग को इस समय 102 अभियंताओं की कमी से जूझना पड रहा है जिन पदों को भरने के लिए जल्द ही रास्ते निकाले जा सकते हैं। विभाग में अभियंताओं के न होने से नाला निर्माण, पेयजल, सड़क निर्माण, सीवर व नाला सफाई समेत सिविल कार्यों में समस्या उत्पन्न हो रही है। भाजपा पार्षद महेंद्र पांडेय पप्पू ने नगर निगम और जलकल विभाग के खाली पदों को भरने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत की है। नगर विकास विभाग मंत्री को भी रजिस्टर्ड डाक भेजकर समस्या को दूर करने की मांग की।भाजपा पार्षद ने कहा कि कानपुर महानगर का क्षेत्रफल व जनसंख्या काफी बढ़ चुकी है। नगर निगम व जलकल में जिस समय पदों का सृजन हुआ था। तब कानपुर नगर का क्षेत्रफल व जनसंख्या कम थी। अब क्षेत्रफल के साथ ही जनसंख्या बढ़ गई लेकिन, सृजित किये गये पदों के सापेक्ष भी अभियन्ताओं की कमी होती जा रही है। पार्षदों और अधिकारियों के अनुसार नगर निगम और जलकल में अभियंता के 102 पद रिक्त हैं। इसके अकेल नगर निगम में अधिशाषी, सहायक और अवर अभियंता के 60 और जलकल में अधिशाषी, सहायक और अवर अभियंता के 42 पद रिक्त पड़े हैं जिसे भरने के लिए आवश्‍यक कदम उठाने पडेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *