February 27, 2026

संवाददाता 

कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र दिलीप नगर ने  विकासखंड मैथा के गांव औनहां में फसल अवशेष प्रबंधन पर जनपद स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया । 

इस दौरान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को फसल अवशेष जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की और उन्हें इसके उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित किया। केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ. खलील खान ने बताया कि फसल अवशेष जलाने से मिट्टी में मौजूद सूक्ष्म जीवों की संख्या कम हो जाती है। इसके साथ ही, मिट्टी के पोषक तत्व घटते हैं, मिट्टी कठोर हो जाती है, और उसकी जल धारण क्षमता में कमी आती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जीवांश पदार्थ की मात्रा घटने से मिट्टी धीरे-धीरे बंजर होने लगती है, जिससे उपज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

केंद्र की गृह वैज्ञानिक डॉ. निमिषा अवस्थी ने कहा कि फसल अवशेषों को जलाने से मिट्टी का स्वास्थ्य खराब हो रहा है और पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे फसल अवशेषों को खेत में ही डीकंपोजर की सहायता से सड़ाएं। 

प्रसार वैज्ञानिक डॉ. राजेश राय ने हैप्पी सीडर, मल्चर, रोटावेटर, सुपर सीडर और स्मार्ट सीडर जैसे कृषि यंत्रों का उपयोग कर फसल अवशेष प्रबंधन करने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से अपने-अपने गांवों में फसल अवशेष जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में अन्य किसानों को जागरूक करने का भी आग्रह किया। 

सहायक विकास अधिकारी कृषि बृजेंद्र यादव ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में बताया। 

पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल कटियार ने पशुओं में खुरपका,मुंहपका बीमारी की रोकथाम हेतु उपाय बताए।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जिला पंचायत सदस्य राम जी अग्निहोत्री ने प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिकों द्वारा बताई गई तकनीक के उपयोग पर बल दिया। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ स्वयंसेवी  प्रदीप अवस्थी ने बताया कि  इस तरह के कार्यक्रमों से निश्चित तौर से किसान भाइयों में जागरुकता आएगी और उत्पादन में वृद्धि होगी है। 

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में एक प्रश्नोत्तरी सत्र हुआ जिसमें विजयी किसानों को पुरस्कार भी वितरित किए गए।

इस जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में धर्मेंद्र सिंह चंदेल, सोनू सिंह, शुभम यादव का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा मंत्री पुष्पलता सिंह,समाजसेवी शिवनारायण अवस्थी, श्री राम प्रकाश अवस्थी सहित गांव के दो सैकड़ा से अधिक किसानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

Related News