October 18, 2024

कानपुर। नगर में होने वाले सीसामऊ विधानसभा उपचुनाव में इस सीट पर होने वाले मुकाबले से पहले ही अपने अपने दल की स्थिति को मजबूत करने के लिए सभी राजनैतिक दलो ने इस क्षेत्र में राजनैतिक गतिविधियां तेज कर दी है।

सीसामऊ विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले संविधान बचाओ संकल्प सम्मेलन में आए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने राहुल गांधी के नेतृत्व को जनता के नकारने के सवाल का जवाब नहीं दिया। उनका कहना था कि राजनीति में घमंड का कोई स्थान नहीं है। ओर निराशा प्रकट करते हुए कहा सपा के उपचुनाव में घोषित टिकटों की जानकारी  हमें नहीं है। राजनीति में संभावना हमेशा बरकरार रहती है। गठबंधन पर नेतृत्व निर्णय लेगा।

अमेठी में स्मृति ईरानी को हराकर सांसद बने किशोरी लाल शर्मा का आरोप है कि जो लोग संविधान की शपथ लेकर सत्ता पर काबिज हैं, वही संविधान की इज्जत नहीं करते। देश की राजनीति में संक्रमण काल चल रहा है, संविधान की शक्तियों को कुचलने का काम सरकार कर रही है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज किसी को अपनी बात कहने की इजाजत नहीं है, जो भी अपनी बात कहता है, उसे प्रताड़ित कर जेल में डाल दिया जाता है। लखीमपुर खीरी में भाजपा विधायक को जनता पीट रही है, हालांकि ये निंदनीय है लेकिन अब जनता जाग चुकी है। 

कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता विधायक आराधना मिश्रा ने कहा कि इस देश में भिन्न-भिन्न जातियों के लोग रहते हैं और बाबा साहब के संविधान में सबको जीने का अधिकार दिया गया है लेकिन भाजपा इस संविधान को खंड-खंड करना चाहती है। कांग्रेस उनके मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने देगी।
इस कार्यक्रम में कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष नौशाद मंसूरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृज लाल खाबरी, नीलांशु चतुर्वेदी, आलोक मिश्रा, पूर्व विधायक सोहेल अंसारी, पूर्व विधायक संजीव दरियाबादी, पवन गुप्ता, करिश्मा ठाकुर, महेश मेघानी, अटल पाल, पूर्व पार्षद हाजी अफजाल अहमद, कनिष्क पांडेय, विकास अवस्थी, अवनीश सलूजा, लल्लन अवस्थी, नेक चंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।