March 19, 2026

संवाददाता  
कानपुर।
  कल्याणपुर में केडीए की टीम जब इंद्रा नगर स्थित आशा देवी मंदिर के महंत को नोटिस देने पहुंची, तो महंत पर टीम के साथ अभद्रता करने का आरोप लगा है । बताया जा रहा है कि महंत ने टीम पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया और त्रिशूल लेकर उन्हें दौड़ा लिया।
इसके बाद केडीए अधिकारियों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है । वहीं, मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर रविवार को महंत आशु गिरी अन्य महंतों के साथ थाने का घेराव करने पहुंच गए।
कानपुर विकास प्राधिकरण की टीम अपने दस्ते के साथ कल्याणपुर के इंद्रा नगर स्थित आशा देवी मंदिर पहुंची थी। टीम मंदिर के महंत आशु गिरी को नोटिस देने लगी। आरोप है कि नोटिस की बात सुनते ही महंत आशु गिरी नाराज हो गए और उन्होंने पालतू कुत्ता छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने त्रिशूल लेकर टीम को दौड़ा लिया।
टीम के सदस्य किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे और 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और टीम के सदस्यों को थाने ले आई। घटना की जानकारी मिलने पर केडीए के अन्य अधिकारी भी थाने पहुंचे और महंत के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
रविवार को मुकदमा दर्ज होने से नाराज कई महंत कल्याणपुर थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया। काफी देर तक थाने के अंदर नारेबाजी होती रही। बाद में थाना प्रभारी के समझाने और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ। 

महंतों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए केडीए की टीम पर प्रताड़ना का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
महंत आशु गिरी का कहना है कि यदि पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो वह मुख्यमंत्री से मिलकर शिकायत करेंगे। 

वहीं कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कई महंत थाने आए थे और उन्होंने ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने अपनी बात रखी है। उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

Related News