
संवाददाता
कानपुर। जिले में विकसित हो रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ केडीए की कार्रवाई जारी है।
बिठूर क्षेत्र के बाद केडीए की जेसीबी गुजैनी पहुंचा। क्षेत्र के पिपरौली गांव में बिना नक्शा पास कराए हो रही प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई है। इलाके में अलग अलग स्थानों पर 20 बीघा जमीन पर केडीए की जेसीबी चली है। केडीए के अधिकारियों ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर एनाउंसमेंट किया। उसके बाद बुलडोजर ने अवैध प्लाटिंग पर बने बाउंड्रीवाल आदि को गिराया।
केडीए ने प्रवर्तन जोन-3 के विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के तहत थाना गुजैनी क्षेत्र के ग्राम पिपरोली में लगभग 20 बीघा जमीन पर बिना मानचित्र स्वीकृति कराए विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया।
इन जमीनों पर केडीए से बिना लेआउट पास कराए प्लॉट काटकर लोगों को बेचा जा रहा था। साथ ही वहां सीवर, नाली, बिजली और पार्क जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी कोई प्रावधान नहीं था, जिससे आम लोगों को भविष्य में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता था।
केडीए को इस जगह प्लाटिंग की सूचना मिली थी जिसके बाद अधिकारियों ने जांच की तो अवैध प्लाटिंग को सही पाया गया। केडीए वीसी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की। अभियान में विशेष कार्याधिकारी बृजेंद्र उपाध्याय, अवर अभियंता अमरनाथ यादव और प्रवर्तन दल की मौजूदगी में अवैध प्लॉटिंग को जेसीबी से ध्वस्त कराया गया।
केडीए के अधिकारियों ने कहा कि शहर में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी प्लॉट की खरीद से पहले संबंधित परियोजना का मानचित्र और स्वीकृति अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में कानूनी विवाद से बचा जा सके।






