March 3, 2026

संवाददाता
कानपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। शुक्रवार शाम उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें रावतपुर स्थित कार्डियोलॉजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के मीडिया प्रभारी डॉ. अवधेश कुमार शर्मा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो चुका था।

कानपुर की राजनीति के इस स्तंभ का जन्म 25 सितंबर 1944 को हुआ था। उन्होंने 1989 में पहली बार कानपुर के मेयर का चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद वह 1999, 2004 और 2009 में लगातार तीन बार कानपुर से सांसद चुने गए।

केंद्र सरकार में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। यूपीए-1 सरकार में 2004 से 2009 तक वह गृह राज्य मंत्री रहे। यूपीए-2 सरकार में 2009 से 2011 तक स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री और 2011 से 2014 तक कोयला मंत्रालय की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री के रूप में संभाली।

2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद वह स्वास्थ्य समस्याओं के चलते सक्रिय राजनीति से दूर हो गए थे।

उनके निधन की खबर से कानपुर की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उनके निवास पर जमावड़ा लग गया। कानपुर नगर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने इसे “भारतीय राजनीति के लिए एक बड़ा झटका” बताते हुए कहा कि इसकी भरपाई मुश्किल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *