
आ स. संवाददाता
कानपुर। यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की कानपुर इकाई ने रंगों के त्योहार होली पर 14 मार्च को सुबह 6 बजे के बजाय दोपहर ढाई बजे से मेट्रो का संचालन का फैसला लिया है। दोपहर बाद ढाई बजे से आम लोगों के आवागमन की सुविधा के लिए मेट्रो संचालित कराई जाएगी। कारपोरेशन के जनसंपर्क विभाग की तरफ से यह जानकारी दी गई है। होली पर लोग सुबह से ही जमकर रंग खेलते हैं। इसको देखते हुए मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने यह निर्णय लिया है। ताकि रंगों से मेट्रो के कोच गंदे न हों। इसलिए सुबह के बजाय दोपहर बाद से मेट्रो का संचालन शुरू कराया जाएगा।
हर साल की तरह इस साल भी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन होली के मौके पर मेट्रो का संचालन सुबह की शिफ्ट में नहीं करेगा। दोपहर ढाई बजे से रात 10 बजे तक मेट्रो का संचालन निर्बाध रूप से जारी रहेगा। आम दिनों में मेट्रो रेल कॉरपोरेशन का संचालन सुबह छह बजे से होता है।लेकिन, मेट्रो अगर सुबह संचालित की जाएगी तो आवागमन के लिए लोग मेट्रो का सहारा लेंगे और रंगों के पर्व के चलते होली खेलने लगेंगे जिससे मेट्रो के कोच पर दाग धब्बे लग सकते हैं। इन्हें छुड़ाना भी काफी मुश्किल होगा। यही वजह है कि छह बजे से मेट्रो का संचालन न करके दोपहर 2:30 बजे से किया जाएगा।अमूमन दो बजे तक लोग रंग खेलकर फ्री हो जाते हैं और फिर होली मिलन के लिए अपने सगे संबंधियों के यहां जाना शुरू करते हैं। यही कारण है कि होली में दोपहर बाद से रात तक यात्रियों के आवागमन की सुविधा के लिए मेट्रो संचालित होगी।
कानपुर मेट्रो रेल कारपोरेशन के डीजीएम पंचानन मिश्रा ने बताया कि होली पर 14 मार्च को सुबह छह बजे के स्थान पर दोपहर बाद ढाई बजे से मेट्रो का संचालन आम दिनों की तरह कराया जाएगा। इससे लोग मेट्रो से आराम से अपने रिश्तेदारों के यहां होली मिलने जा सकेंगे।