February 22, 2026

संवाददाता

कानपुर। आईआईटी कानपुर में शनिवार को जूनियर टेक्नीशियन युवती का शव फंदे पर लटकता मिला। पुलिस की जांच में सामने आया कि वेलेंटाइन डे पर युवती शनिवार सुबह अपने मंगेतर से फोन पर बात कर रही थी। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और युवती ने कहा कि मैं फांसी लगाकर जान दे दूंगी और कॉल कट कर दिया। इसके बाद उसने फांसी लगाकर जान दे दी।

मंगेतर ने अपने एक साथी को जब तक रूम में भेजा और दरवाजा तोड़ा गया तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवती का शव पंखे के सहारे फंदे से लटकता मिला। 

मामले की जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच करने पहुंची। जांच के दौरान एक डायरी मिली है। परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मूल रूप से झारखंड जादूगोड़ा निवासी अंजू कुमारी पुत्री राज नंदन रविदास आईआईटी में जूनियर टेक्नीशियन पद पर तीन साल से कार्यरत थी। 

मौके पर जांच करने पहुंचे एडीसीपी कपिलदेव सिंह ने बताया कि अंजू की शादी उड़ीसा के पावर हाउस में तैनात पंकज से तय हो चुकी थी। दोनों की कुछ दिनों बाद सगाई भी होनी थी।

शादी तय होने के बाद से दोनों के बीच कॉल पर बात होने लगी थी। रोज की तरह वैलेंटाइन डे की सुबह भी अंजू अपने मंगेतर पंकज से बात कर रही थी। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और मंगेतर ने चिल्लाकर डांट दिया। इस दौरान उसने अपने मंगेतर से कहा कि अब वह फांसी लगाकर जान दे देगी और कॉल काट दिया।

इसके बाद पंकज ने आईआईटी कैंपस में रहने वाले अपने दोस्त सूरज को कॉल किया। सूरज कहीं बिजी था तो उसने अपने भाई सुरेश को अंजू के रूम पर भेजा। सुरेश दौड़कर रूम पर पहुंचा तो देखा कि दरवाजा बंद था, लगातार कॉल करने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई रिस्पांस नहीं मिला तो सुरेश ने वॉर्डन को जानकारी दी।

सुरेश और वॉर्डन ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही रूम का दरवाजा तोड़ दिया। भीतर जाकर देखा तो अंजू का शव पंखे के सहारे फंदे पर लटक रहा था। फंदा काटकर उसे आईआईटी कैंपस के अस्पताल ले गए, जहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

इसके बाद मामले की जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर जांच करने पहुंची।

एडीसीपी वेस्ट कपिल देव सिंह भी फोर्स के साथ मौके पर जांच करने पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव फंदे से नीचे उतारा। पुलिस और फोरेंसिक टीम पूरे कमरे की जांच में जुटी हैं।

एडीसीपी वेस्ट ने बताया कि जांच के दौरान रूम से एक डायरी मिली है। युवती ने डायरी में अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी कुछ लिखा है। डायरी पढ़ने के बाद पता चला कि युवती की कुछ दिन बाद सगाई होनी थी। सुसाइड के पीछे की वजह जानने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।

एडीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि युवती के भाई ने भी करीब एक साल पहले फांसी लगाकर सुसाइड किया था। इसके बाद से युवती डिप्रेशन में थी, लेकिन इधर शादी तय होने के बाद काफी हद तक सामान्य हो गई थी।

परिजनों की मानें तो बेटी ने कभी बातचीत के दौरान उनसे कुछ नहीं बताया। सुसाइड क्यों किया उन्हें भी कुछ समझ नहीं आ रहा है। बेटे के बाद बेटी के सुसाइड की सूचना मिलते ही परिवार में भी कोहराम मच गया। परिवार के लोग झारखड़ से शव लेने के लिए कानपुर रवाना हो गए हैं। अब परिवार के आने के बाद शव का रविवार काे पोस्टमॉर्टम हो सकेगा।

एडीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान कमरे से एक करीब 350 पन्नों की डायरी मिली है। डायरी को पढ़ने से लग रहा है कि अंजू की डायरी लिखने की आदत थी। उसने रोजाना क्या कि उसमें दर्ज है। मौत से पहले आखिरी पन्ने पर उसने लिखा है कि मंगेतर ने उसे तेज आवाज में डांटा है। इससे वह आहत हुई है। पुलिस अब डायरी को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है।

Related News