May 9, 2025

—सीसीटीवी फुटेज में दो आरोपी हुए कैद।

संवाददाता
कानपुर।
  चकेरी के अहिरवां स्थित राजा मार्केट में चोरों ने एक ज्वैलरी की दुकान का चैनल और शटर तोड़कर करीब दस लाख कीमत के जेवरात पार कर दिये। घटना के बाद मौके पर व्यापारिक संगठन और पुलिस पहुंची। वहीं व्यापारियों ने रात में पुलिस की गश्त न होने और चौकीदार के न आने का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर छानबीन की। सीसीटीवी में दो चोर कैमरे में कैद हुए हैं। उसी के आधार पर पुलिस छानबीन कर रही है।
अहिरवां के सदानंद नगर निवासी संतोष स्वर्णकार की घर से करीब 200 मीटर दूर जय मां वैष्णों ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। संतोष ने बताया कि वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गये थे। इसके बाद देर रात करीब 12 से एक बजे के बीच दो चोर आये और दुकान के बगल में बनी गैलरी में घुसे।
फिर गैलरी की तरफ लगे चैनल और शटर को तोड़कर अंदर घुसे और दुकान में रखे सोने व चांदी के आभूषण पार कर ले गये। सुबह जब आस पड़ोस के लोगों ने दुकान का शटर टूटा देखा तो संतोष को जानकारी दी। वहाँ
संतोष के साथ आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। साथ ही आस पास व दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए। जिसमें दो चोर घटना को अंजाम देते दिखे।
संतोष ने बताया कि चोर करीब दस लाख का माल ले गए हैं। वहीं व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश वर्मा ने बताया कि रात के समय पुलिस की गश्त नहीं होती है और पिछले 15 दिनों से चौकीदार भी इलाके में नहीं आ रहा है। जिससे चोरी की घटनायें हो रही हैं।
इंस्पेक्टर चकेरी संतोष शुक्ला के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज मिला है। दो चोर उसमें दिखाई दे रहे है। घटना में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा। पुलिस टीमों को मामले के खुलासे के लिए लगाया गया है।