
संवाददाता
कानपुर। मानसून का जोरदार आगाज हुआ है। पिछली शाम से हो रही बारिश का सिलसिला देर रात करीब 3 बजे तक जारी रहा। 9 घंटे तक लगातार बारिश हुई। बारिश की गति धीमी-तेज होती रही। शुरुआती एक घंटे में 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार सुबह से घने बादल छाए हुए हैं। बारिश के आसार हैं।
नगर में बारिश से पहले दर्ज अधिकतम तापमान प्रदेश में सर्वाधिक रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप खिलने और नमी का प्रतिशत अधिक होने से उमस बढ़ गई थी। अधिकतम तापमान 36.5 से बढ़कर 39.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह प्रदेश का सर्वाधिक तापमान रहा।
शाम को अचानक बादलों की आवाजाही बढ़ी। धीरे-धीरे आसमान बादलों से ढक गया। लखनऊ, उन्नाव, कानपुर देहात समेत आसपास भरपूर बारिश हुई लेकिन शहर में इसका असर सीमित रहा। यहां करीब एक घंटा तक बारिश हुई लेकिन रफ्तार ज्यादा नहीं रही। सीएसए में 22 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
गरज चमक के साथ हुई बारिश के दौरान 20 से 25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं। कुछ क्षेत्रों में तो 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। यहां बारिश भी अधिक रही। पॉकेट रेन के रूप में कहीं ज्यादा तो कहीं कम रही। कानपुर के गंगा से सटे इलाकों में बारिश की गति अधिक रही।
प्रदेश में मानसून के प्रवेश कर जाने के बाद शहर में यह पहली बारिश है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के अलावा बारिश की वजह विक्षोभ और आसपास बने कई सिनॉप्टिक सिस्टम हैं। इस कारण फिलहाल पूरे प्रदेश में अगले 72 घंटों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। आधा प्रदेश ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है।