February 27, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  जिला समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर ने अवगत कराया कि निदेशालय समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों हेतु राज्य कार्ययोजना के वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जनपद स्तर पर संचालन हेतु दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। योजना के तहत श्रेणी-3 में जागरूकता एवं सामुदायिक जुड़ाव कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपयुक्त गैर-सरकारी,स्वैच्छिक संगठनों का चयन किया जाना है।

इस योजना के अंतर्गत समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के बीच संवाद स्थापित करने, वृद्धावस्था जनित रोगों की जांच हेतु स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविरों के आयोजन, विशेष रूप से डिमेंशिया तथा गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और दवा वितरण, तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के आयोजन जैसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इन गतिविधियों के संचालन में आयुष विभाग एवं ब्रह्मकुमारी संस्था के साथ एमओयू के तहत सहयोग लिया जाएगा।

सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 के अंतर्गत पंजीकृत गैर-सरकारी संगठन, स्वैच्छिक संगठन एवं सामाजिक संस्थाओं से अपेक्षा की गई है कि वे निर्धारित प्रारूप में अपने प्रस्ताव समस्त आवश्यक अभिलेखों एवं प्रमाण पत्रों की स्वहस्ताक्षरित प्रतियों तथा निर्धारित शपथ पत्र के साथ 22 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक पूर्वाह्न 10:30 बजे के भीतर सील बंद लिफाफे में कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, कानपुर नगर, विकास भवन में स्वयं अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से उपलब्ध कराएं। 

निर्धारित समय के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी उक्त अवधि में किसी भी कार्य दिवस पर कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

Related News