
आ स. संवाददाता
कानपुर। एक किसान ने ग्राम समाज की सरकारी जमीन पर कब्जा कर इंटर और डिग्री कॉलेज का निर्माण कर लिया। अब वो इसी जमीन पर दोबारा निर्माण कार्य करा रहा है। इसे लेकर राजस्व टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। तब गड़बड़ी पकड़ में आई। किसान को निर्माण कार्य न करने के लिए चेतावनी दी गई मगर वो नहीं माना। इसपर सुरार गांव सचेंडी के लेखपाल ने कॉलेज व स्कूल प्रबंधक किसान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
सुरार गांव के लेखपाल अनिल कुमार ने बताया कि गांव की अराजी संख्या 545 खतौनी अभिलेखों में अलग – अलग खातों में ग्राम समाज के नाम पर दर्ज है। इसकी कुल जमीन 2.334 हेक्टेयर है। इस जमीन पर पूर्व में किसान अरुण पाण्डेय उर्फ पिण्टू पाण्डेय ने निर्माण कार्य कराया था। अब दोबारा अरुण पाण्डेय उर्फ पिण्टू पाण्डेय निर्मित ढांचा मे पिलर व छत डलवाने के लिए सटरिंग लगवा रहा है। पिलर की ढलाई की जा रही है।
लेखपाल अनिल कुमार के मुताबिक अरुण पाण्डेय को निर्माण न करने के लिए कहा गया मगर वो नहीं माना। उसने निर्माण कार्य जारी रखा। राजस्व की टीम ने मौके पर जाकर पैमाइश की तो निर्माण कार्य अराजी संख्या 545 में ही मिला। जिसके बाद लेखपाल ने सचेंडी थाने में अरुण पाण्डेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
सरकारी जमीन पर कब्जा कर पं. विश्वनाथ पाण्डे इंटर व डिग्री कॉलेज बना हुआ है। दोनों के निर्माण में ग्राम समाज की लगभग दस बीघा जमीन पर कब्जा किया गया है। सचेंडी इंस्पेक्टर के मुताबिक मामले में लेखपाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। राजस्व टीम से मामले में सबूत लेकर चार्जशीट दाखिल की जाएगी।