February 27, 2026

संवाददाता 

कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। बरईगढ़ स्थित ऐतिहासिक झील पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खनन कार्य की जांच की।
साढ़ थाना क्षेत्र के पालपुर, मलखानपुर, बरईगढ़ और गौरी बेरीखेड़ा सहित कई स्थानों पर अवैध खनन जारी रहने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के बाद समाजसेवी अंकुर शुक्ला ने साढ़ से मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च करके शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया था।
साढ़ प्रभारी निरीक्षक द्वारा उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराकर विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद अंकुर शुक्ला ने अपनी पैदल यात्रा स्थगित कर दी थी। इसके बाद प्रशासनिक सक्रियता दिखी।
एसडीएम नरवल, एसीपी घाटमपुर, जिला खनन अधिकारी और तहसीलदार ने बरईगढ़ स्थित ऐतिहासिक झील पर पहुंचकर मौके पर चल रहे खनन कार्य की नाप-जोख की।
एसडीएम नरवल ने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यदि खनन कार्य मानकों के विपरीत पाया जाता है, तो संबंधितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसीपी घाटमपुर ने मौके से ही एआरटीओ को फोन कर ओवरलोड डंपरों की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 

Related News