
संवाददाता
कानपुर। नगर के भीतरगांव विकासखंड के बरूई अकबरपुर गांव में बुखार फैल गया है। यहां 50 से अधिक लोग इसकी चपेट में हैं। ग्रामीणों के अनुसार अधिकांश मरीजों में प्लेटलेट्स कम होने के लक्षण दिख रहे हैं।अकबरपुर निवासी कई ग्रामीण इस बीमारी से पीड़ित हैं। लोग इलाज के लिए निजी अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों पर निर्भर हैं।विकासखंड के बौहार, मड़ेपुर, गोपालपुर, बेरीखेड़ा और बरूई अकबरपुर जैसे कई गांवों में जलभराव और बजबजाती नालियों के कारण बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। इसके चलते हर घर में बुखार के मरीज मिल रहे हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. मनीष तिवारी ने बताया कि उन्हें इस स्थिति की जानकारी मिली है। जल्द ही गांव में एक स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच और इलाज की व्यवस्था की जाएगी।
डॉ. तिवारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे निजी अस्पतालों के बजाय नजदीकी सरकारी अस्पताल में इलाज कराएं और अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।






