
संवाददाता
कानपुर। नगर सहित आसपास के जिलों में अलर्ट के बाद भी बारिश नहीं हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पाकिस्तान से आ रही और प्रदेश के मध्य से होकर गुजर रही टर्फ लाइन के ऊपर खिसक जाने से बारिश की लय बिगड़ गई है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि मंगलवार सुबह से धूप निकली हुई थी।
मानसून मध्य प्रदेश के रास्ते उत्तर प्रदेश में 17 जून को प्रवेश कर चुका है। इसके बाद तेजी से मानसून पूरे प्रदेश में पहुंच गया। प्रदेश के कुछ जिलों में तो अच्छी बारिश हुई लेकिन प्रदेश के दक्षिणी हिस्से विशेषकर कानपुर में अच्छी बारिश नहीं हुई। शुक्रवार से अब तक कुल 75.4 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है।
घने बादलों के बावजूद सोमवार को दिनभर एक भी बूंद नहीं गिरी। आईएमडी का अलर्ट दिन में दो बार जारी किया गया लेकिन बादल धोखा दे गए। वैसे शुक्रवार को 34.8, शनिवार को 11.1, रविवार को 13.6 और सोमवार को 15.9 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।
बारिश के कारण अधिकतम तापमान में कमी आई। सोमवार को सीजन का सबसे कम पारा 31.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 6 डिग्री कम है। प्रदेश का यह सबसे कम पारा रहा। वहीं उत्तर पूर्वी हवाएं लगातार चल रही हैं। बंगाल की खाड़ी के साथ अरब सागर से भी नमी आ रही है। नमी का अधिकतम प्रतिशत 89 और न्यूनतम प्रतिशत 88 रहा।
पाकिस्तान से आ रही एक टर्फ लाइन जो प्रदेश के बीच से जा रही थी, उससे अच्छी बारिश हो रही थी। संभावना जताई जा रही थी कि मानसून आने के बाद का पहला स्पेल ऐसे ही जारी रहेगा। लेकिन अचानक मौसमी गतिविधियां प्रभावित हो गईं। टर्फ लाइन अपने स्थान से ऊपर की ओर चली गई। बारिश के मौसम में ऐसा अक्सर होता रहता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के 24 जिलों को छोड़ शेष के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद भी 25 जून तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी।