July 31, 2025

संवाददाता

कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने आज मा. कांशीराम स्मारक चिकित्सालय में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब का शुभारंभ किया ।

शुभारम्भ के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उस मंशा को साकार कर रही है, जिसके अंतर्गत प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं आमजन को उपलब्ध कराई जानी हैं।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में संतोषजनक प्रगति हो रही है और विभाग लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।यह लैब जनपदवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। अब 108 प्रकार की अत्याधुनिक जांचें एक ही स्थान पर, न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध होंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। विशेष रूप से गरीब एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इसका अधिक लाभ मिलेगा।

यह लैब सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की ओर एक मजबूत कदम है, जिसमें 1 रूपये की ओपीडी पर्ची से लेकर 108 प्रकार की अत्याधुनिक जांचें कांशीराम ट्रामा सेंटर में अब उपलब्ध हैं। इस लैब से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को सस्ता, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा। प्राइवेट लैब में जहां जांचें 25,000 रूपये में होती थीं, अब वहीं सुविधाएं मात्र न्यूनतम शुल्क पर 24 घंटे  उपलब्ध है।

जिलाधिकारी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा, अब लोगों को प्राइवेट क्लीनिक से निर्भरता कम होगी।

उन्होंने कहा कि इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब अब कानपुर नगर ही नहीं, बल्कि पूरे मंडल के नागरिकों के लिए सस्ती, सुलभ और गुणवत्ता-युक्त स्वास्थ्य सेवाओं की नई पहचान बनेगी।