
संवाददाता
कानपुर। नगर की कमिश्नरेट पुलिस ने करीब 11 वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की गिरफ्त में आये ईनामी आरोपी पर हत्या, लूट और डकैती जैसे कई संगीन मामलों में विभिन्न जनपदों में मुकदमे दर्ज हैं। उस पर लगभग एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। एसीपी बिल्हौर मंजय सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक अरौल अपनी टीम के साथ मकनपुर चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम सिंघौली स्थित हनुमान मंदिर के पास से आरोपी कल्लू उर्फ फिरोज पुत्र फैज मोहम्मद उर्फ सैद मोहम्मद उर्फ निजामुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जिसके संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2014 में जौनपुर के शाहगंज क्षेत्र में डकैती के दौरान एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने की घटना में वांछित था। इसके अलावा वर्ष 2015 में बिल्हौर क्षेत्र के सिंगरौली गांव में हत्या और लूट की वारदात तथा वर्ष 2018 में औरैया के बेला क्षेत्र में एक परिवार को गंभीर रूप से घायल करके डकैती डालने की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।
आरोपी उत्तर प्रदेश सहित राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और झारखंड में नाम बदलकर छिपकर रह रहा था।
पुलिस आरोपी के गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।






