February 26, 2026

• बोली मजाक मेरे साथ हुआ, लोगों को क्या समस्या।

संवाददाता 
कानपुर।
एक रील बना रही ट्रांसजेंडर को कॉन्स्टेबल ने सरेआम किस किया। ट्रांसजेंडर ने रविवार को इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। उसने गाना लगाया कि छैला बाबू तू कैसा दिलदार निकला…।
वीडियो वायरल होने पर कॉन्स्टेबल ट्रांसजेंडर से वीडियो डिलीट करने की मिन्नतें कर रहा था। कॉन्स्टेबल ने उसकी पोस्ट पर लिखा- बहुत प्रॉब्लम हो रही है। नौकरी पर बात आ गई है। प्लीज इसे डिलीट कर दो।
अब ट्रांसजेंडर ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की। ट्रांसजेंडर ने कॉन्स्टेबल का बचाव किया है और लिखा- जब मुझे किस कराने में कोई समस्या नहीं है तो लोग पुलिस प्रशासन को उल्टा-सीधा क्यों बोल रहे हैं। यह मेरे साथ मजाक में हुआ, इसमें उनकी कोई गलती नहीं है।
महाशिवरात्रि के बाद रविवार को आनंदेश्वर मंदिर में प्रीतिभोज था। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त कर रही थी। इस दौरान वहां एक ट्रांसजेंडर भी पहुंची। गश्त कर पुलिस फोर्स के आगे-आगे चलने लगी और रील बनाने लगी।
उसने गाना लगाया- छैला, बाबू तो कैसा दिलदार निकला…चोर समझी थी मैं, थानेदार निकला… । इस दौरान एक कॉन्स्टेबल उसके पास आया और उसके गाल को चूम लिया। फिर यह वीडियो स्मार्टी कौशल नाम की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया। जिसमें 10 से अधिक पुलिसकर्मी सड़क पर गश्त करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। कुछ ही घंटे में पोस्ट को 1845 लोगों ने लाइक किया है। जबकि पोस्ट को 1009 लोगों ने शेयर, 53 लोगों ने रीपोस्ट और 90 लोगों ने कमेंट किया। कुछ यूजर ने कॉन्स्टेबल की हरकत पर आपत्ति जताई।
वीडियो वायरल होने के बाद कॉन्स्टेबल ने संदीपकुमार 120799 नाम की आईडी से कमेंट लिखा- अरे सुनो ये मैं ही हूं। मुझे प्राब्लम हो रही है। नौकरी पर बात आ गई है। प्लीज यार इसे डिलीट कर दो और मेरे पर मैसेज करो।
किस करने का मामला रविवार का ग्वालटोली थानाक्षेत्र के आनंदेश्वर मंदिर के पास पार्किंग एरिया का है। उस समय पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान चलते-चलते एक ट्रांसजेंडर ने रील बनानी शुरू कर दी। तभी कॉन्स्टेबल उसके करीब आया और उसे किस किया। वर्दी पहने ऑन ड्यूटी ऐसी हरकत करने वाले कॉन्स्टेबल पर पुलिस विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ कि कॉन्स्टेबल कौन है?
एसीपी कर्नलगंज अमित कुमार चौरसिया ने बताया था  कि कॉन्स्टेबल ग्वालटोली थाने में तैनात नहीं है। हो सकता है वह ड्यूटी पर आया हो। इसका पता लगाया जा रहा है। वायरल वीडियो किस जगह का है। इसकी जांच कराई जा रही है।