
आ स. संवाददाता
कानपुर। यूपी बजट-2025 में श्रमजीवी महिला हॉस्टल बनाया जाएगा। इसके लिए 170 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है। साथ ही, मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने का ऐलान हुआ है। छुट्टा पशुओं को लेकर 2 हजार करोड़ के बजट का ऐलान किया गया है।
आईआईटी कानपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा। यूपी के 8 शहरों को चुना गया है। आईआईटी कानपुर परिसर में ड्रोन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी बनेगा।
सरकार ने बजट में ऐलान किया है कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे मेधावियों को पात्रता के आधार पर स्कूटी प्रदान की जाएगी। इससे शहर के करीब 10 से 15 प्रतिशत मेधावियों को इसका लाभ मिल सकेगा।
प्रदेश में डिप्लोमा स्तरीय 184 संस्थाओं में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। 36 राजकीय पालीटेक्निक निर्माणाधीन हैं। राजकीय पॉलीटेक्निकों में 251 स्मार्ट क्लास रूम की स्थापना की जा चुकी है। राजकीय पॉलीटेक्निकों में नवीन टेक्नोलॉजी से सुसज्जित उन्नयन सेन्टर ऑफ एक्सीलेन्स की स्थापना हेतु 100 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है। राजकीय पॉलीटेक्निकों में स्मार्ट क्लास रूम, प्रयोगशालाओं के नवीनीकरण हेतु 10 करोड़ रुपए एवं प्रदेश में आर्टिफिशियल इन्टेलीजेन्स शिक्षा हेतु सेन्टर ऑफ एक्सीलेन्स की स्थापना के लिये 1 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है।
वर्तमान व आने वाला समय देश व प्रदेश के विकास की गति में तकनीकी के श्रेष्ठतम उपयोग का दौर होगा जिसके दृष्टिगत यह आवश्यक है कि युवाओं को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित किया जाये।
वर्तमान में प्रदेश में 286 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान संचालित हो रहे हैं जिनमें विभिन्न व्यवसायों की 1,90,064 सीटें युवाओं के प्रशिक्षण हेतु उपलब्ध हैं।
प्रदेश के विभिन्न राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में से 47 महिलाओं के प्रशिक्षण हेतु महिला शाखा भी संचालित कराई जा रही है। प्रदेश में महिलाओं हेतु 12 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान स्वतंत्र रूप से संचालित हो रहे हैं।
प्रदेश में विज्ञान पार्कों, साइंस सिटी तथा नक्षत्रशालाओं की स्थापना हेतु 50 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है।
आगरा में साइंस सिटी की स्थापना हेतु 25 करोड़ रुपए एवं वाराणसी में साइंस सिटी तथा नक्षत्रशाला की स्थापना हेतु 5 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है।
कानपुर के अलावा वाराणसी, मेरठ, गोरखपुर, प्रयागराज, झांसी, आगरा में मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावासो के निर्माण की योजना प्रस्तावित की गई हैं। इसके लिए 170 करोड़ रुपए प्रस्तावित किए गए हैं।
वित्तमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि राज्य में 8 स्टेट ऑफ आर्ट सेन्टर ऑफ एक्सीलेन्स के केन्द्रों की स्थापना के अन्तर्गत प्रथम सेन्टर ऑफ एक्सीलेन्स का केन्द्र मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इन्स्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइन्सेज में तथा आईआईटी कानपुर में होंगी। आईआईटी कानपुर परिसर में ड्रोन सेन्टर ऑफ एक्सीलेन्स स्थापित होकर परिचालनरत हैं।