April 17, 2025

आ स. संवाददाता 

कानपुर।  गोविंदनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दो युवको ने मिलकर ऑटो चालक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मरने से पहले युवक ने फोन करके  घर वालों को अपने साथ मारपीट की घटना बताई, जब तक परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तब तक उसकी सांसे थम चुकी थी। आनन फानन में परिजन उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पनकी निवासी सुबोध सोनी ऑटो चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। परिवार में पत्नी आयुषी सविता और एक 5 साल का बेटा अथर्व है। दो बहने है जिनकी शादी हो चुकी हैं। चचेरे भाई अभिषेक ने बताया कि 3 फरवरी को नौबस्ता निवासी शरफराज को पुलिस ने कट्‌टे के साथ जेल भेजा था। वह 8 मार्च को जेल से छूटकर आया है। इसके बाद से वह मुखबरी के शक में भाई सुबोध से रंजिश मानने लगा था।
शरफराज अपने मित्र सुंदरम के साथ घर के पास आया और सुबोध को शराब पिलाने के बहाने उसकी ऑटो से ही नौबस्ता गया। इसके बाद वहां पर पहले उसको शराब पिलाई और फिर मारा पीटा। इसके बाद गोविंद नगर के फैक्ट्री एरिया के पास ले जाकर वहां उसे भी मारा पीटा।
मौका पाकर सुबोध ने अपनी पत्नी आयुषी को फोन कर घटना की जानकारी दी। आयुषी ने अपने देवर को फोन किया और मौके पर जाने को कहा। अभिषेक अपने अन्य भाइयों के साथ उसे ढूंढते हुए गोविंद नगर पहुंचे तो देखा कि सुबोध ऑटो के अंदर पड़ा है। तुरंत उसे अस्पताल लेकर भागे जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को जानकारी मिली तो पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए। बताया जा रहा है कि शरफराज पहले भी कई मामलो में जेल जा चुका है। 3 फरवरी को जब नौबस्ता पुलिस ने जेल भेजा था तो उसे शक था कि सुबोध ने ही उसकी मुखबिरी की थी। इसके बाद से ही वह सुबोध से रंजिश मानता था।