March 3, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
रोहिंग्या और संदिग्ध नागरिकों के शक में एडीसीपी वेस्ट कपिल देव सिंह ने फोर्स के साथ चेकिंग अभियान चलाया। 

पुलिस को सूचना मिली थी कि पनकी व कल्याणपुर क्षेत्र में 50 परिवारों के 200 लोग अवैध तरीके से भारत में रह रहे हैं। इसी को लेकर एडीसीपी ने कल्याणपुर इंदिरा नगर में रह रहे दस परिवारों से पूछताछ की।
पुलिस ने कई बिन्दुओं पर परिवार वालों से पूछताछ की। जैसे कि वह यहां कब आए थे। आधार कार्ड किस तरह से बनवाया। एडीसीपी से मुताबिक ज्यादातर लोगों के आधार कार्ड पर असोम का पता दर्ज है। इन सभी के आधार कार्ड की कॉपी वहां पर भेजकर सत्यापन कराया जाएगा।
देश में बिना अनुमति चोरी छिपे रह रहे लोगों की जांच पड़ताल चल रही है। कानपुर के कल्याणपुर और पनकी इलाके में करीब 50 परिवारो के दो सौ से अधिक संदिग्ध लोग यहां रह रहे हैं। कल्याणपुर के इंदिरा नगर में दस परिवार झोपड़ी डालकर यहां कूड़ा बिनने का काम कर रहे हैं।
ऐसे ही पनकी शताब्दी नगर में 40 से अधिक परिवार इसी तरह झोपड़ी डालकर रह रहे थे। ये लोग भी कूड़ा बिनने का काम कर रहे थे। कुछ दिन पहले झोपड़ियों में आग लग जाने के बाद वहां रहने वाले लोगों पर पुलिस की नजर पड़ी है।
यहां रहने वाले लोग तरह तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि यहां बांग्लादेशी आकर बस गए हैं। लोकल नेताओं का उन्हें संरक्षण मिल रहा है। वहां अधिकांश लोगों के आधार कार्ड असम के बने हैं। इनके आधार कार्ड असली है या नकली इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस वहां रहने वालों की कुंडली खंगाल रही है। एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह ने पुलिस बल के साथ कल्याणपुर के इंदिरा नगर इलाके में बसे परिवारों की जांच पड़ताल की। उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड देखे।
एडीसीपी कपिल देव सिंह ने बताया कि कल्याणपुर पनकी इलाके में संदिग्ध लोगों के रहने की सूचना मिली है उनके दस्तावेज चेक किया जा रहे हैं। वे लोग जो कागज प्रस्तुत कर रहे हैं उनकी जांच पड़ताल करवाई जाएगी।