
संवाददाता
कानपुर। भारतीय क्रिकेट टीम में शहर के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाने के लिए पाक के खिलाफ भी तैयार हैं। कुलदीप ने एशिया कप के पहले ही मैच में मेजबान संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 4 विकेट लेकर टीम को जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। अब कुलदीप पाकिस्तानी टीम के पसीने छुड़ाएंगे। इससे पहले भी कुलदीप पाकिस्तान के लिए काल साबित हुए हैं और 14 सितम्बर को एशिया कप में होने वाले मुकाबले में भी टीम इंडिया की जीत में वह मुख्य जिम्मेदारी निभा सकते हैं।
41 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 73 विकेट ले चुके चाइनामैन कुलदीप को टीम इंडिया के इंग्लैंड दौरे में एक भी मैच में अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया गया था। हालांकि एशिया कप के पहले मैच में उन्होंने खुद को साबित कर एक एक करके यूएई के 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। इस मैच में कुलदीप ने 2.1 ओवर में मात्र सात रन देकर चार विकेट लिए थे।
भारत का अगला मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ है। शहर के क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि कुलदीप यादव इस मैच में भी टीम इंडिया के लिए तुरुप का इक्का साबित होंगे।
पाकिस्तान के खिलाफ कुलदीप पहली बार टी-20 मैच खेलेंगे। हालांकि कुलदीप ने पाकिस्तान के खिलाफ अभी तक छह वनडे मैच खेले हैं। इसमें विश्वकप, एशिया कप और चैम्पियंस ट्रॉफी के मुकाबले शामिल हैं। इन सभी मैचों को मिलाकर कुलदीप ने 14 विकेट हासिल किए हैं।
इसी वर्ष फरवरी में दुबई में चैम्पियंस ट्राफी में उन्होंने 9 ओवर में 40 रन देकर तीन विकेट लिए थे। इससे पहले अहमदाबाद में वर्ष 2023 में विश्वकप के मैच में उन्होंने दस ओवर में 35 रन देकर दो विकेट हासिल किए थे।
वहीं, 2 साल पहले कोलंबो में हुए एशिया कप के शुरुआती मैच बारिश के कारण रद होने के चलते कुलदीप को मौका नहीं मिला था, लेकिन सुपर-4 में चाइनामैन ने पाकिस्तान के खिलाफ 8 ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट लेते हुए टीम इंडिया को जीत दिलाई थी।
पाकिस्तान के खिलाफ वर्ष 2019 में मैनचेस्टर इंग्लैंड में हुए मैच में कुलदीप ने 9 ओवर में एक मेडन सहित 32 रन देकर दो विकेट लिए थे। 2018 एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में उन्होंने दस ओवर में 41 रन देकर दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।






