संवाददाता
कानपुर। एक कदम प्रभु श्री राम के नाम संकल्प के साथ आयोजित भव्य रन फॉर राम कार्यक्रम रविवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह, ऊर्जा और राष्ट्रभाव के वातावरण में संपन्न हुआ।
क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 835 पंजीकृत प्रतिभागियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
रन फॉर राम कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने झंडी दिखाकर किया।
इस आयोजन का शुभारंभ खेल गीत की प्रेरणादायी प्रस्तुति से हुआ। इसके उपरांत आदियोगी योगा ग्रुप एवं विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा दीप योग के माध्यम से प्रभु श्री राम की स्तुति प्रस्तुत की गई, जिसने पूरे परिसर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
आयोजन की एक विशेष झलक दिव्यांगजनों की सक्रिय सहभागिता रही, जिसने कार्यक्रम को समावेशी और प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ में भाग लिया।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को प्रथम पुरस्कार ₹5000, द्वितीय पुरस्कार ₹3000 तथा तृतीय पुरस्कार ₹2000 नगद राशि प्रदान की गई। पुरस्कार वितरण के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महाराणा प्रताप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट की प्रबंधक सुरभि भदौरिया एवं राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रांत व्यवस्था प्रमुख जूही मांगलिक उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर क्रीड़ा भारती कानपुर के अध्यक्ष राजुल खन्ना, मंत्री श्याम मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र त्रिपाठी ने किया, जबकि आभार ज्ञापन मंत्री श्याम मिश्रा द्वारा व्यक्त किया गया।
आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलों से जुड़ने और समाज में सकारात्मकता व राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। उपस्थित जनसमूह ने रन फॉर राम को समाज में जागरूकता, एकता और ऊर्जा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।





