March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
पनकी में समलैंगिक युवक ने अपने स्क्रैप कारोबारी साढ़ू पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बनाया, कारोबारी ने समलैंगिक युवक की पत्नी से शिकायत की तो युवक ने दांतों से साढ़ू की नाक काट ली और गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया।
वहीं अनवरगंज में एक मामूली विवाद में पत्नी ने अपने पति का कान काट कर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल पति को परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। 

दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पहली घटना पनकी में हुई, जहां बारासिरोही निवासी स्क्रैप कारोबारी इलाके में रहने वाले अपने समलैंगिक साढ़ू के साथ तीन सालों से पार्टनरशिप में काम कर रहा था। स्क्रैप कारोबारी के मुताबिक उसका साढ़ू लंबे समय से उस पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। स्क्रैप कारोबारी के मुताबिक वह अपने साढ़ू के साथ औरैया से माल लेकर कार से वापस आ रहा था।
वह पनकी कैंब्रिज चौराहा पर पहुंचे ही थे, तभी उसके साढ़ू फिर से अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। तंग आकर स्क्रैप कारोबारी ने मामले की जानकारी साढ़ू की पत्नी को दे दी। जिस पर भड़के साढ़ू ने कारोबारी को चलती कार में दबोच कर उसकी नाक पर काट लिया, इतना ही नहीं कार से निकल कर बाहर भागे कारोबारी को जमीन पर पटक कर गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया।
इस दौरान वहां से गुजर रहे दो युवकों ने कारोबारी को उसके साढू के चंगुल से छुड़ा कर पुलिस को जानकारी दी, जिस पर आरोपी मौके से भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस घायल कारोबारी को इलाज के लिए बारासिरोही सीएचसी लेकर गई।
पनकी इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि स्क्रैप कारोबारी ने अपनी पहली तहरीर में पूरी घटना की जानकारी दी थी, लेकिन लोकलाज के कारण पीड़ित ने तहरीर बदल कर आरोपी साढ़ू के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है। आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज व जान से मारने की धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वहीं दूसरी घटना अनवरगंज थानाक्षेत्र की है, लाटूश रोड खटिकाना निवासी अमित सोनकर सब्जी विक्रेता है। छोटे भाई शिव सोनकर के मुताबिक 8 साल पहले बड़े भाई अमित का मोहल्ले में रहने वाली सारिका से विवाह हुआ था। आरोप है कि रोजाना विवाद के कारण तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

वहीं सोमवार रात पानी को लेकर अमित का भाभी से विवाद हो गया। फिर भाभी सारिका ने अमित को पीटने के बाद दायां कान काट खाया। इसके बाद अमित के बाएं हाथ में धारदार हथियार से वार कर लहुलूहान कर दिया। 

अनवरगंज इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि पीड़ित पति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।