August 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
दो दिन से हो रही बारिश से जाजमऊ में 70 फीट ऊंचा टीला धंसने से कच्चा मकान धराशायी हो गया। इस हादसे में युवक की जान चली गई।
जाजमऊ की जिन्नातों की मस्जिद ऊंचा टीला पर मो. शफीक अपनी पत्नी अनीस फातिमा व दो बेटे हफीज और हसीब के साथ करीब 50 साल से रहते हैं। उनका मकान कच्चा है। घर के पास ही रहने वाले भतीजे इखलाक ने बताया कि हफीज और हसीब पल्लेदारी करते हैं। दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश के दौरान मकान की दीवारें व चबूतरा दरक गया था।
आज सुबह हसीब काम पर गया था, जबकि अनीस और पिता शफीक घर की मरम्मत का काम कर रहे थे। इखलाक ने बताया कि इस दौरान करीब 70 फीट ऊंचा टीला दरक गया। इसका मलबा उनके कच्चे मकान में आकर गिरा, जिससे मकान धराशायी हो गया। शफीक और बेटा अनीस मलबे में ही दब गए।
घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने जाजमऊ पुलिस को सूचना देकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे तक मलबा हटाने के बाद इलाकाई लोग अनीस और शफीक को लेकर कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने अनीस को मृत घोषित कर दिया। शफीक का इलाज चल रहा है।