March 12, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  उत्तर प्रदेश में आई लव मोहम्मद के बैनर को लेकर लगातार विवाद बढ़ता जा रहा है। कानपुर के घाटमपुर में तीन जगहों पर लोगों ने आई लव मोहम्मद के बैनर टांग दिए। हरी मस्जिद के हाफिज ने सभी से सौहार्द कायम रखने की अपील की है। नगर में दो अन्य जगहों पर भी आई लव मोहम्मद के बैनर टांगे गए हैं। प्रशासन लगातार शहर काजियों के साथ बैठक कर शांति बनाएं रखने के साथ अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के पचखुरा मोहल्ला में लोगो ने हरी मस्जिद के पास मेन गली में आई लव मोहम्मद का बैनर टांग दिया गया है। इसके साथ घाटमपुर नगर पालिका रोड, भदरस में भी लोगों ने आई लव मोहम्मद के बैनर टांग दिए है। घाटमपुर पुलिस ने नगर पालिका रोड और भदरस गांव में टांगे गए बैनरों को हटवा दिया गया।
नगर निवासी हरी मस्जिद के हाफिज मोहम्मद अहमद ने बताया कि आई लव मोहम्मद नया नहीं है, यह कदीमी नारा चलता चला आ रहा है। हमारे सबके दिलों में मोहम्मद बसे है। हम लोग अमन और शांति का पैगाम देते है। हम लोग पर्व पर जुलूस शांति के साथ निकलते है। वो हमारे नहीं सारे जहां के मोहम्मद है।
बैनर को लेकर विवाद पर बोले कि कुछ लोग शरारती होते हैं, जो बैनर मोहम्मद की शान में लगाया, किसी ने उसमें गुस्ताखी कर दी, इसके चलते जबरदस्ती नौजवानों को जेल में डलवा दिया गया। यह अच्छा तरीका नहीं है। उन्होंने लोगो से अपील की है, हम सभी मजहबों की इज्जत और एहतराम करते है। हमने आई लव मोहम्मद का बैनर लगाया है। इसमें किसी को ऐतराज नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी से अमन चैन के साथ रहने की अपील की है।
कानपुर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि घाटमपुर में सार्वजनिक जगहों पर बैनर लगाने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि माहौल खराब न हो, इसलिए इन बैनरों को हटवाया जाएगा। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि लोग अपने घरों में बैनर लगा सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर बैनर नहीं टांगने चाहिए।