
संवाददाता
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में स्थित पुल के नीचे सब्जी विक्रेताओं ने दोबारा अवैध कब्जा कर लिया है। पूर्व थाना अध्यक्ष द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के बाद फिर से दुकानदार वापस आ गए हैं। सूत्रों के अनुसार प्रशासन की कथित मिलीभगत से दुकानदारों ने अपनी दुकानें फिर से लगा ली हैं।
स्थानीय निवासी गौरव राज किशोर, मोहित कुमार और शिवम ने इस समस्या को उजागर किया है। दुकानदारों ने तख्त और फर्नीचर रखकर जगह पर कब्जा जमा लिया है। ग्राहक अपनी गाड़ियां पुल के नीचे अवैध रूप से पार्क करते हैं। इसके अलावा टेंपो चालकों की भीड़ भी यहां जमा रहती है।
पुल के नीचे हो रहे इस अतिक्रमण से रोजाना जाम की स्थिति बनती है। इससे राहगीरों और मरीजों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में जब थाना अध्यक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।






