
संवाददाता
कानपुर। आईआईटी कानपुर के साइबर सुरक्षा टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब, सी3आईहब की और से लखनऊ स्थित भारतीय सेना की मुख्यालय सेंट्रल कमांड के लिए 12 सप्ताह का गहन साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम करवाया गया। इस पहल के तहत 70 सैन्य कर्मियों को आधुनिक डिजिटल खतरों से निपटने के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण कौशल प्रदान किए गए।
यह कार्यक्रम दो स्तरों- मूलभूत और उन्नत—पर आधारित था, जिसमें 40 कर्मियों को बेसिक ट्रैक और 30 को एडवांस्ड ट्रैक में प्रशिक्षित किया गया। यह प्रोग्राम सी 3 आई हब के विशेषज्ञों द्वारा विशेष रूप से तैयार किया गया था और इसे हाइब्रिड मोड में संचालित किया गया, जिसमें ऑफलाइन कक्षाओं के साथ-साथ ऑनलाइन डेमोंस्ट्रेशन और लैब सत्र भी शामिल थे।
बीते शनिवार सेना मुख्यालय लखनऊ में कार्यक्रम के समापन पर एक सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मुख्यालय के ब्रिगेडियर शलभ गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी, साथ ही सी3आई हब की सीओओ और अंतरिम सीईओ डॉ. तनीमा हजरा तथा सी3आई हब के संकाय सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को इस कठोर प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बधाई दी।
सेना मुख्यालय ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा कि यह प्रशिक्षण सशस्त्र बलों और अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों के बीच बढ़ती हुई समन्वय का प्रतीक है, जो फ्यूचरवार्स की चुनौतियों का सामना करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।प्रतिभागियों को उन्नत कौशल से युक्त करने के लिए तैयार किया गया यह व्यापक पाठ्यक्रम, एक समर्पित साइबर योद्धाओं को तैयार करेगा जो साइबर रक्षा को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से सैन्य अभियानों के लिए अनुकूलित किया गया था, जिसका उद्देश्य मिशन-केंद्रित तत्परता और डिजिटल लचीलापन सुनिश्चित करना था।
इस मौके डॉ. तनीमा हजरा, मुख्य संचालन अधिकारी एवं अंतरिम सीईओ, सी 3 आई हब, आईआईटी कानपुर ने कहा कि भारतीय सेना की सेंट्रल कमांड के साथ हमारा सहयोग देश के महत्वपूर्ण डिजिटल बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।जब हम सेना को अत्याधुनिक साइबर रक्षा कौशल के बारे में जानकारी दे रहे होते हैं तो हम केवल उन्हें प्रशिक्षित नहीं कर रहे होते, बल्कि राष्ट्र की डिजिटल संप्रभुता और लचीलापन में निवेश कर रहे होते हैं।
डॉ. आनंद हांडा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सी 3आई हब, आईआईटी कानपुर ने कहा कि हमें गर्व है कि हमने भारतीय सेना के लिए एक उन्नत साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किया, जिसे सी 3आई हब, आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों द्वारा प्रदान किया गया। इस हब में हम अपनी सशस्त्र सेनाओं को अत्याधुनिक साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करके राष्ट्र की महत्वपूर्ण संरचनाओं की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं।
यह पहल सी 3आई हब के उस रणनीतिक उद्देश्य को सुदृढ़ करती है, जिसका लक्ष्य भारत के महत्वपूर्ण रक्षा ढांचे और सरकारी संस्थानों में साइबर सुरक्षा की तैयारियों को सशक्त बनाना है, ताकि राष्ट्र को डिजिटल युग की चुनौतियों के लिए सक्षम और सजग बनाया जा सके।






