March 14, 2025

आ स. संवाददाता 

कानपुर।  एक विवाहिता ने देह व्यापार करने का विरोध किया तो उसके पति ने तीन तलाक दे दिया। महिला की शादी मुंबई निवासी युवक से हुई थी। वहां पर ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज के चक्कर में महिला को बंधक बनाकर रखा। पीड़िता किसी तरह से वापस कानपुर अपने घर आ पाई। पीड़िता ने यहां पर बाबूपुरवा थाने में तहरीर दी है। बाबूपुरवा पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
बाबूपुरवा निवासी पीड़िता के मुताबिक उसकी शादी मुंबई बांद्रा वेस्ट शास्त्री नगर निवासी आहद सिद्दीकी से हुई थी। शादी में परिजनों ने 5 लाख रुपए और दहेज की  अन्य सामग्री दी थी। पीड़िता के मुताबिक ससुराल में पति समेत अन्य लोगों ने उस पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया। जब पीड़िता ने असमर्थता जताई तो उसे नशीला पदार्थ पिला कर देह व्यापार कराने का दबाव बनाया गया। पीड़िता ने जब मना किया तो ससुराल वालों ने पीड़िता के साथ मारपीट की और उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़िता के मुताबिक ससुराल वालों ने उसे कई दिनों तक भूखा रखा और खाने को कुछ नहीं देते थे। इसी दौरान पीड़िता को पता चला कि पति का दूसरी महिला से अनैतिक संबंध है। पीड़िता के मुताबिक उससे मारपीट करके  ससुराल वालों ने उसे बंधक बना लिया। जब उसने अपने माता पिता को सूचना दी। तब परिवार वाले मुंबई पहुंचे और उन्होंने बांद्रा पुलिस के साथ मिलकर पीड़िता को छुड़वाया। तब पुलिस ने पीड़िता को उसके माता पिता की सुपुर्दगी में लिखा पढ़ी में दिया। पीड़िता वापस अपने घर बाबूपुरवा लौट आई।
पीड़िता के मुताबिक उसके कानपुर आने के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले आ गए और समझौता कर उसे वापस मुंबई ले गए। थोड़े दिन तो सब ठीक रहा। उसके बाद फिर से पति समेत ससुराल वालों ने अनैतिक देह व्यापार करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता ने इसका विरोध किया और साफ कह दिया कि वो यह काम नहीं करेगी। इसपर पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। जिसके बाद वह बेटी को लेकर अपने मायके वापस आ गई। इसके बाद भी पति ने फोन पर धमकी दी कि गलत केस में फंसा देगा। उसने यह भी कहा कि पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी।
इंस्पेक्टर बाबूपुरवा अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक टीम मुंबई जाकर जांच करेगी। आरोपियों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जाएगा। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।