
संवाददाता
कानपुर। सजेती थाना क्षेत्र के अकबरपुर बीरबल गांव में बीती देर शाम एक परिवार में उस वक्त कोहराम मच गया,जब सूना घर पाकर युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जानकारी होने के बाद परिजनों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। जहां सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक विदुर सजेती थाना क्षेत्र के कुटरा गांव का रहने वाला था। जो कि मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था।
विदुर काफी समय से अकबरपुर बीरबलपुर गांव में ननिहाल में रह रहा था,आपसी विवाद के चलते विदुर की पत्नी शीला करीब 15 दिन पहले अपने दो बच्चों गोलू और कुंदन के साथ हमीरपुर जिले के भोला गांव स्थित अपने मायके चली गई थी। दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। विदुर चार दिन पहले पत्नी को वापस लेने गया था, लेकिन वह नहीं आई।
घटना के समय विदुर की नानी गोरी मवेशी चराने गई थी।तभी सूना घर पाकर युवक ने कमरे में छत में लगे कुंडे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब नानी वापस लौटी तो युवक का शव लटका देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी।
सजेती थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






