
संवाददाता
कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवनगर मसवानपुर में विवाहिता वंदना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बुधवार को घर के कमरे में वंदना का शव फांसी के फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलते ही मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी थी।
मृतका के परिजनों की तहरीर पर गुरुवार को दहेज हत्या, उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर वंदना को प्रताड़ित किया जाता था। आए दिन झगड़ा और मारपीट होती थी, जिसकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन ससुराल पक्ष ने कोई सुधार नहीं किया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को पति अमरजीत और ससुर रामबाबू को शिवनगर इलाके से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पनकी के कार्यवाहक एसीपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।





