
संवाददाता
कानपुर। उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेचैन कर दिया है। हीट वेव के दौरान लगातार पूर्वी हवाएं चल रही हैं जो गर्मी के अहसास को बढ़ा रही है। लगातार दूसरे दिन हीट इंडेक्स 64 पर पहुंच गया जो रेड जोन में आता है।
मौसम विज्ञान विभाग ने आज भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद बादल मेहरबान हुए तो ही राहत मिल सकेगी। सुबह से ही कड़ी धूप निकली हुई है। हवाएं चल रही हैं। बादलों की आवाजाही बनी हुई है।
मई और जून का महीना लू के लिए जाना जाता है। इस दौरान तापमान बढ़ते हैं और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण हवा शुष्क हो जा जाती है। आम लोगों को कूलर आदि से राहत मिल जाती है पर इस सीजन लगातार पूर्वी हवाएं चल रही हैं। पूर्वी हवाएं बंगाल की खाड़ी से अपने साथ नमी भी ला रही हैं। तापमान अधिक होने से यह नमी भाप का रूप ले रही है।
हीट वेव के बीच सीएसए में दिन का पारा 43.1 के स्थान पर 42.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सात जून से अधिकतम पारा 40 के ऊपर बना हुआ है। हीटवेव से राहत नहीं मिल पा रही है। एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर यह तापमान 44 डिग्री रहने की संभावना है।
कानपुर के एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री रहा जो सीजन का सर्वाधिक है। तापमान के साथ नमी का प्रतिशत भी रिकॉर्ड तोड़े हुए हैं। अधिकतम नमी का प्रतिशत 64 और न्यूनतम 38 रहा। इस कारण उमस ने अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज भी हीटवेव का अलर्ट बना रहेगा। मौसम की गतिविधियां अभी ऐसी हैं जिससे कोई राहत नहीं मिल रही है। आसपास आंधी-पानी के कारण तापमान में मामूली गिरावट हो रही है।
कानपुर और आसपास रविवार को तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान आंधी-पानी भी संभव है पर इसकी अधिक संभावना नहीं है। हवा की गति 20-25 किमी प्रति घंटा बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि रविवार से मामूली राहत की संभावना है पर जो स्थितियां हैं, आंधी-पानी की संभावना कम है। यदि कम दबाव का क्षेत्र बनता है तो ही राहत मिलेगी अन्यथा उमस भरी गर्मी का दौर लम्बा खिंच सकता है। आईएमडी ने रविवार से 17 जून तक आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है।