March 4, 2026

संवाददाता 

कानपुर। रंगों के पर्व होली को लेकर तिथियां और शुभ मुहूर्त घोषित कर दिए गए हैं। शहर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य उद्भव रागेश शुक्ला से मिली जानकारी के मुताबिक इस वर्ष होलिका दहन 2 मार्च सोमवार की मध्यरात्रि 12:50 बजे से रात 2:02 बजे के बीच किया जाएगा। इस अवधि को अत्यंत शुभ माना गया है, इसलिए श्रद्धालुओं से इसी समय विधि-विधान से होलिका दहन करने की अपील की गई है।

इसके अगले दिन 3 मार्च मंगलवार को चंद्र ग्रहण पड़ रहा है। बताया गया है कि यह ग्रहण शाम 6:10 बजे से 6:47 बजे तक रहेगा। ग्रहण का सूतक काल प्रातः 6:10 बजे से प्रारंभ होकर शाम 6:50 बजे तक प्रभावी रहेगा।इस दौरान मंदिरों में विशेष सावधानी बरतने और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।

वहीं होली का रंगोत्सव पर्व 4 मार्च बुधवार को पूरे भारतवर्ष में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। लोग एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर खुशियां बांटेंगे। 

इसके बाद 5 मार्च, गुरुवार को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा, जिसमें बहनें अपने भाइयों की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।

धार्मिक जानकारों का कहना है कि इन तिथियों को ध्यान में रखते हुए लोग अपने कार्यक्रम और पूजा-पाठ की तैयारी पहले से कर सकते हैं, ताकि त्योहार को उल्लास और परंपरा के साथ मनाया जा सके।

इसके बाद 10 मार्च को होने वाला गंगा मेला शहर की सांस्कृतिक पहचान माना जाता है और होली उत्सव का पारंपरिक समापन भी इसी के साथ होता है। बड़ी संख्या में शहरवासी इसमें शामिल होकर रंग और उमंग का जश्न मनाते हैं। मार्च के पहले पखवाड़े में एक के बाद एक पड़ रहे इन पर्वों को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और लोग अभी से त्योहार की तैयारियों में जुटे हुए हैं।