आ स. संवाददाता
कानपुर। प्रभु यीशु के आगमन की खुशी में मसीही समाज के लोगों में खासा उत्साह है। शहर के हर छोटे-बडे गिरजा घरों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया जा चुका है। मंगलवार देर रात 12 बजे से शहर के हर गिरजाघर में प्रभु यीशु के लिए प्रार्थना सभा आयोजित की गयी ,बुधवार की सुबह एक बार फिर से गिरजाघरों में प्रार्थना सभा के बाद जन्मो्त्सव की धूम मचेगी। शहर के कुछ चुनिन्दा गिरजाघरों में प्रभु यीशु से जुडी झांकियों को भी सजाया गया है। जिसमें जन्म के दृश्य से लेकर उनके जीवन की हर खुशियों के पलो को समेटा गया है। परियां, सेंटा क्लाज के अलावा ऊंट, भेंड़, हिरन से लेकर पेड़-पौधे, तारे आदि सजाए गए हैं। वहीं, अन्य कुछ गिरजाघरों में केवल सादगी पूर्ण सजावट की गई है। मसीही समाज के लोग इसकी तैयारी में जोर-शोर से जुटे हैं। क्रिसमस ट्री सजाने से लेकर खानपान की सामग्रियों की खरीदारी पूरी कर ली गयी है। जबकि, गिरजाघरों को सजाने के साथ ही 24 से 27 दिसंबर तक विशेष आयोजनों की तैयारी हो रही है। शहर के सबसे बड़े चर्च परेड स्थित एलएलजेएम मैथोडिस्ट समेत सेन्ट जेवियर और सेन्ट थामस गिरजाघर को इस बार अलग रूप से सजाया गया है। यहां पर बुधवार को सुबह से शुरु होने वाले तीन दिवसीय क्रिसमस मेले की तैयारी को भी अंतिम रूप दिया गया। शहर में 24 दिसंबर की मध्य रात्रि को प्रभु यीशु ने चरनी में जन्म लेंगे। इसके पहले मसीही समुदाय के लोगों द्वारा शहर के तीनों चर्चों मे विशेष प्रार्थाना सभा का आयोजन किया गया था। प्रभु के अवतरण से पहले ईसाई समाज के लोगों ने जहां एक दूसरे से गले मिलकर बधाईयां दी। वहीं देर रात शांता क्लॉज ने आकर बच्चों को टॉफीया और उपहार बांटे। इस दौरान ईसाई समुदाय के युवक व युवतियों ने ढोल की थाप पर प्रार्थना की। इसके बाद चर्च मे उपस्थित धर्मावलंबियों को प्रसाद वितरण किया गया। प्रभु के जन्म को लेकर मसीही समाज के लोगों द्वारा महीने भर पहले से तैयारी की जा रही है।