March 9, 2026

• 28 सालों के बाद आस्ट्रेलियाई टीम आएगी कानपुर।

संवाददाता

कानपुर। साल 1998 के अप्रैल महीने में आस्ट्रेलियाई कप्तान मार्क टेलर की अगुवाई में ग्रीनपार्क में एक दिवसीय मैच खेलकर गयी टीम एक बार फिर से टीम यहां पर मैच खेलते दिखायी देगी। लगभग 28 सालों के बाद आस्ट्रेलियाई टीम रंगीन जर्सी में भारत के खिलाफ ग्रीनपार्क में मैच खेलेगी। 

ग्रीनपार्क मे यह पहला मौका होगा जब एक ही टीम के खिलाफ दो से अधिक मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा। यह पहला मौका होगा, जब किसी देश की ए टीमों के बीच एकदिवसीय मुकाबलों की मेजबानी ग्रीन पार्क करेगा।

इससे पहले साल 1986 में नई नवेली श्रीलंकाई टीम के खिलाफ एक टेस्ट और पहला एक दिवसीय मैच आयोजित किया गया था। साल 1986 में श्रीलंका ने पहले एक दिवसीय मैच में मेजबान भारत को पराजित किया था जबकि 1998 में भारत ने मेहमान आस्ट्रेलियाई टीम को 6 विकेट से पराजित किया था। वहीं देखा जाए तो ग्रीन पार्क स्टेडियम को करीब आठ वर्ष के बाद तीन एकदिवसीय मैचों की मेजबानी मिली है। भारत के दौरे पर आ रही आस्ट्रेलिया ए क्रिकेट टीम भारत ए टीम के साथ 16 से 23 सितंबर तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दो मल्टी डे मैच खेलेगी।

वहीं, 30 सितंबर, तीन और पांच अक्टूबर को ग्रीन पार्क स्टेडियम में तीन एकदिवसीय मैच खेले जाएंगे। ग्रीन पार्क में भारत और आस्ट्रेलिया के बीच मैच 27 वर्ष पहले सात अप्रैल 1998 में मुकाबला खेला गया था। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने छह विकेट से जीत हासिल की थी। लंबे समय के बाद क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर भारत ए और आस्ट्रेलिया ए की टीम के बीच क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।

ग्रीन पार्क स्टेडियम में 29 अक्टूबर 2017 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी वनडे मैच खेला गया था। इसमें भारतीय टीम ने छह रन से जीत हासिल की थी। करीब आठ वर्ष बाद ग्रीन पार्क एक बार फिर वनडे मैच से गुलजार होगा।

ग्रीन पार्क में अभी तक 15 वनडे मैच खेले जा चुके हैं। इसमें 14 मुकाबलों में भारत के सामने अन्य देशों की टीम रही। इसमें भारतीय टीम ने 10 बार जीत हासिल की। वहीं, एक मुकाबला श्रीलंका और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया। इसमें वेस्टइंडीज ने 25 रन से जीत हासिल की थी।आस्ट्रेलिया ए के साथ ग्रीनपार्क में 30 सितम्बर से खेले जाने वाले मैचों के लिए यूपीसीए ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम भी शुरु कर दिया है।