June 20, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और सीएमओ के बीच का विवाद थम नहीं रहा है। सीएमओ के लिए जहां जनप्रतिनिधि पत्र लिख रहे हैं, तो वहीं शहर का संत समाज जिलाधिकारी के पक्ष में रथ यात्रा निकाल रहा है। संत समाज के लोगों ने कहा कि बहुत ही मुश्किल से ऐसे जिलाधिकारी शहर को मिलते हैं।
शहर के स्वामी मनोजानंद महाराज उर्फ गूगल गोल्डन बाबा ने जिलाधिकारी के पक्ष में एक होर्डिंग बनवाई हैं। उसमें लिखा है कानपुर के अति ईमानदार कर्तव्यनिष्ठ जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के सम्मान में गूगल गोल्डन बाबा मनोजानंद महाराज संत समाज एवं कानपुर की देवतुल्य जनता मैदान में इसको एक ई-रिक्शा में चारों तरफ लगाकर उसे पूरे शहर में घुमाया जा रहा है।
गूगल गोल्डन बाबा ने कहा कि जो व्यक्ति अच्छा है उसे टिकना चाहिए, जो व्यक्ति गड़बड़ है उसे जाना चाहिए। हम किसी अधिकारी के पक्ष में नहीं खड़े है हम उनके सुंदर कार्यों के पक्ष में खड़े हैं।
जो व्यक्ति तहसील के 4 साल से चक्कर लगा रहा था, उसकी समस्या जनता दर्शन में सुनी और 4 घंटे में समस्या का हल कर उसे खुशी-खुशी घर भेज दिया। यह तो एक उदाहरण है, ऐसे तमाम उदाहरण उनके लिए शहर में हैं।
सीएमओ डॉ. हरी दत्त नेमी के एक के बाद एक कई ऑडियो वायरल हुए हैं। इसमें वह जिलाधिकारी के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग करते हुए सुनाई दे रहे थे। इसके बाद से ये विवाद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। हालांकि इस मामले में डॉ. हरी दत्त नेमी ने कहा था कि ये ऑडियो मेरे नहीं हैं, किसी ने एआई के माध्यम से बनाया है। 

Related News