February 7, 2026

संवाददाता

कानपुर।  उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल कानपुर नगर के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गिरवी रखे आभूषणों से संबंधित मामलों में पुलिस उत्पीड़न रोकने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी को 26 जनवरी को राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त होने पर बधाई भी दी। बैठक के दौरान, व्यापारियों ने सोने और चांदी के बढ़ते दामों के कारण गिरवी रखे पुराने आभूषणों से जुड़े मामलों में आ रही समस्याओं पर प्रकाश डाला।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि गिरवी आभूषणों से संबंधित अधिकांश विवाद दीवानी प्रकृति के होते हैं। इसके बावजूद, कुछ मामलों में स्थानीय पुलिस द्वारा व्यापारियों के विरुद्ध अनावश्यक और अवैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इससे स्वर्ण व्यापारियों का मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न हो रहा है, जिससे व्यापारिक माहौल प्रभावित हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि किसी भी स्वर्ण व्यापारी को सक्षम वरिष्ठ अधिकारी की अनुमति के बिना थाने न बुलाया जाए या दुकान से न उठाया जाए।
उन्होंने यह भी आग्रह किया कि पुलिस की भूमिका केवल विधिक प्रक्रिया और न्यायालय के आदेशों के अनुपालन तक ही सीमित रखी जाए। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना।
उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में विधि के अनुरूप ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी व्यापारी का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। 

प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष महेश वर्मा, जिला महामंत्री रजत पांडे, सतेन्द्र सिंह, रवि सिंह और श्याम सुंदर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। 

Related News