October 18, 2024

कानपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर हिन्दू जनमानस में देवी भक्ति संचारित है। लोग अपने घरों में देवी पूजन करके, उपवास करके देवी को प्रसन्न कर रहे है। साथ ही नगर में जगह जगह पर देवी भक्त पंडालो में देवी की मूर्ति स्थापित करके जोर शोर से नव दुर्गा का पूजन अर्चन कर रहे है।

ऐसा ही एक आयोजन नगर के केशव पुरम में सांस्कृतिक संगठन नव चेतना महिला समिति के तत्वाधान में सातवां दुर्गा महोत्सव कार्यक्रम पुरी भव्यता और  दिव्यता के साथ आवास विकास एक में एस्कॉर्ट वर्ल्ड स्कूल के सामने स्थित सामूहिक पार्क में किया जा रहा है।

इस दुर्गा पूजा महोत्सव के आयोजन में आठवें दिन दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर  महाआरती का आयोजन किया गया। इस महाआरती के आयोजन की  मुख्य अतिथि सौम्या पांडे आइएएस एवं अतिरिक्त श्रम आयुक्त, उत्तर प्रदेश रही। नगर के उद्योगपति और समाजसेवी विजय कपूर भी इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

महाआरती कार्यक्रम के पश्चात मुख्य अतिथि सौम्या पांडे ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर जोर देते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी कामयाबी का डंका बज रही है। कन्या भ्रूण हत्या पर चोट देते हुए उन्होंने कहा कि अपने बच्चों की जान के लिए तो पशु पक्षी भी जान की बाजी लगा देते हैं।

समाज को जाग्रत करने के लिए देवी का आवाहन करते हुए सौम्या जी ने कहा कि हे मां तू तो जग निर्मात्री है, तू उतार फेक इस कायरता की दुर्बलता को। इस प्रकार के वचनों से उन्होंने समाज में स्त्री जागरण करने के लिए अपने  विचार प्रकट किए।

इस कार्यक्रम में तरह-तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की प्रस्तुति  से समाज में व्याप्त कुरीतियों  को हटाने के लिए अच्छा संदेश देने का काम आयोजन  समिति की ओर से किया जा रहा है।

नवचेतन महिला समिति की अध्यक्षा रूबी द्विवेदी मनु ने कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना का महापर्व है, यह पर्व सिर्फ माता रानी की पूजा अर्चना मात्र नहीं बल्कि महिषासुर का दंभ तोड़कर उसका सीना चीरने वाली दुर्गा को स्मरण करने का महापर्व है। रक्तबीज का शीश काटकर उसके कटे हुए शीश को अपने हाथ में लेकर उसकी रक्त की एक-एक बूंद का पान करने वाली काली को स्मरण करने का महापर्व है। नारी अबला नहीं बल्कि सबला है यह बताने का नहीं इसका प्रत्यक्ष उदाहरण दिखाने का महापर्व है।

कार्यक्रम के अंत में हमारी आज की पीढ़ी कैसे हमारे इतिहास से परिचित हो। हमारे ग्रंथ, हमारी पूजा पद्धति और उपासना पद्धति से परिचित हो, इसको लेकर एक प्रश्नोत्तरी रखी गई जिसमें रामायण महाभारत ग्रंथो से सम्बंधित प्रश्न बच्चों से पूछे गए। 

दुर्गा महोत्सव में आए भक्तों को कार्यक्रम के अंत में यह संकल्प दिलाया गया कि हमारे बच्चे फिल्मी कलाकारों और बॉलीवुड को छोड़कर हमारे धर्म ग्रंथ रामायण और गीता का अध्ययन करें जिससे वह हमारे गौरवशाली इतिहास से परिचित हो सके।

दुर्गा महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन समिति की संस्थापक नीतू गुप्ता,रूबी द्विवेदी (मनु) अध्यक्षा, हेमंत संत संरक्षक और महासचिव अनुष्का गुप्ता एवं सहयोगियों द्वारा  किया गया।