
संवाददाता
कानपुर। जनपद की घाटमपुर तहसील स्थित सभागार कक्ष में शनिवार को दैवीय आपदा राहत कोष एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता सौंपी गई। चेक मिलते ही लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
दैवीय आपदा राहत कोष के अंतर्गत 7 प्रभावित परिवारों की सहायता राशि स्वीकृत की गई। इनमें से चार लाभार्थियों को चार-चार लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत 12 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार किसानों और जरूरतमंदों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। सरकार सबके हित के लिए सोचती है। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पात्र किसानों और उनके परिजनों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है, ताकि आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में परिवार को सहारा मिल सके। उन्होंने अन्य किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से लाभ लेने की अपील की।
एडीएम राजेश कुमार ने बताया कि दैवीय आपदा राहत कोष से सहायता वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से की जाती है। तहसील स्तर पर प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्रता के आधार पर राशि स्वीकृत होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम के अंत में प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।





