December 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
  नगर के अरौल थाना क्षेत्र स्थित ग्राम भीटी हवेली में मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। थाना अरौल की मिशन शक्ति जागरूकता टीम ने चौपाल लगाकर ग्रामीण महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और नारी सुरक्षा व स्वावलंबन के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक प्रीतांजली ने महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076, 1098, 112 और 181 के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने यूपीकॉप ऐप से मिलने वाली सुविधाओं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम के सुरक्षित उपयोग की भी जानकारी दी।
प्रीतांजली ने महिला सशक्तिकरण अभियान और राज्य सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं, जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और सामूहिक विवाह योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इसके अतिरिक्त, महिलाओं को थाने में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के बारे में भी बताया गया। टीम ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान भीटी हवेली, महिला उपनिरीक्षक प्रीतांजली, उपनिरीक्षक कृष्णकांत, उपनिरीक्षक विनय तिवारी और महिला कांस्टेबल रूबी सोम सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।