March 15, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ, जीआरपी और एनसीबी की टीम ने 22 किलो 940 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ निरीक्षक एस.एन. पाटीदार और उप निरीक्षक हिमांशु शर्मा ने आरपीएफ स्टाफ, जीआरपी के उप निरीक्षक सुनील कुमार और एनसीबी निरीक्षक गोविंदलाल की टीम के साथ कानपुर सेंट्रल स्टेशन के कैंट साइड सर्कुलेटिंग एरिया में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान वाहन स्टैंड के पास दो बैग के साथ बैठा एक युवक संदिग्ध हालत में मिला।
पूछताछ में उसने अपना नाम चंदन तिवारी, निवासी सारण, बिहार बताया। उसके दोनों बैग की तलाशी लेने पर टेप से सील किए गए 22 बंडल मिले। खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया। वजन करने पर कुल 22 किलो 940 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
आरोपी को जीआरपी थाने ले जाकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के न्यू कूच विहार से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर 12505 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से कानपुर लाया था, ताकि यहां उसे महंगे दामों पर बेच सके।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मादक पदार्थों की तस्करी में रेलवे का इस्तेमाल किए जाने की आशंका को देखते हुए आरपीएफ, जीआरपी और एनसीबी के बीच समन्वय बनाकर लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। 

Related News